टिहरा में आयोजित एफपीओ के स्थापना कार्यक्रम में मौजूद लोग।स्त्रोत्- संगठन
धर्मपुर (मंडी)। किसान उत्पादक सहकारी सभा (एफपीओ) ने तीसरा स्थापना दिवस टिहरा रेस्ट हाउस में मनाया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवानिवृत्त खंड शिक्षा अधिकारी दीवान चंद ने की। हिमकोफेड के पूर्व सचिव बृजलाल शर्मा मुख्य अतिथि मौजूद रहे। विशेष अतिथियों में कर्नल बलबंत ब्राड़ी, कर्नल विधि चंद, डॉ. अश्वनी राठौर, डॉ. दिनेश शर्मा, सहकारिता विभाग के जिला ऑडिटर वर्मा, एफपीओ फेडरेशन के जोगिंद्र वालिया, हर्ष कुमार सिंह और साक्षरता समिति की सचिव सुनीता बिष्ट शामिल रहीं।
कार्यक्रम में एनसीडीसी के क्षेत्रीय निदेशक भूपेंद्र मंडावी ने घोषणा की कि शीघ्र ही एफपीओ को मल्टी-प्रोसेसिंग लघु उद्योग के लिए वित्तीय सहायता दी जाएगी।एफपीओ के अध्यक्ष सतपाल सिंह चौहान ने स्वागत भाषण दिया और सचिव भूपेंद्र सिंह ने तीन वर्षों की गतिविधियों की रिपोर्ट प्रस्तुत की। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक शहनाई से हुई। लोकगायक जगदीश शनवाल, विपिन सकलानी और सजयोड़ी महिला मंडल ने गीत प्रस्तुत किए। समारोह स्थल पर विभिन्न उत्पादों की प्रदर्शनियां और स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित हुआ।
मुख्य अतिथि बृज लाल शर्मा ने कहा कि धर्मपुर एफपीओ ने तीन वर्षों में 3,000 शेयरधारकों का लक्ष्य हासिल कर हिमाचल में नई मिसाल कायम की है। इस मौके पर सकोह और घरवासड़ा प्रोसेसिंग सेंटर तथा समौड़ और खनोड़ वर्मी कम्पोस्ट सेंटर को भी सम्मान मिला। हल्दी, मोटे अनाज, बागवानी और मशरूम उत्पादन में उत्कृष्ट कार्य के लिए 15 किसानों को सम्मानित किया गया। डॉ. अश्वनी राठौर (रिलायंस इंडस्ट्रीज सलाहकार) ने एफपीओ को गुणवत्तापूर्ण उत्पाद और मार्केटिंग रणनीति पर ध्यान देने की सलाह दी। नाहन मेडिकल कॉलेज के डॉ. दिनेश शर्मा ने जैविक खेती, हल्दी और मोटे अनाज को स्वास्थ्य की दृष्टि से सराहनीय बताया। संवाद