मंडी में उपायुक्त की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। जिले में केंद्रीय प्रायोजित 10,000 एफपीओ (किसान उत्पादक संगठन) के गठन एवं संवर्द्धन योजना के तहत प्रगति की समीक्षा के लिए नाबार्ड की ओर से उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक का उद्देश्य जिले में योजना के तहत गठित किसान उत्पादक संगठनों के विकास और कामकाज की प्रगति की बारीकी से निगरानी और समीक्षा करना रहा।
डीसी अपूर्व देवगन ने बताया कि 18 एफपीओ का गठन किया है। उन्होंने सभी एफपीओ को बेहतर मूल्य प्राप्त करने के लिए खाद्य प्रसंस्करण यूनिट स्थापित करने के लिए निर्देश दिए। सुझाव दिया कि जिले में सभी किसान उत्पादक संगठन अपनी आय बढ़ाने के लिए अपने क्षेत्र में एक विपणन आउटलेट खोल सकते हैं। कहा कि लगभग सभी किसान उत्पादक संगठनों ने आवश्यक लाइसेंस प्राप्त कर लिए हैं, वे अपने सदस्यों को खाद, बीज और दूसरी सेवाएं प्रदान करें। कहा कि सभी एफपीओ उनके उत्पादों की पैकेजिंग और ब्रांडिंग पर खास ध्यान दें।
डीडीएम नाबार्ड राकेश वर्मा ने बताया कि जिले में 14 ब्लॉक हैं, जहां 18 संगठनों के माध्यम से 5000 से अधिक किसान सदस्य विभिन्न सेवाओं का लाभ ले रहे हैं। इन संगठनों की प्रमुख गतिविधियां, सब्जियों, सेब और अन्य खाद्यान्नों का एकत्रीकरण एवं विक्रय, खाद्य प्रसंस्करण आदि शामिल हैं। बैठक में कृषि विभाग के उपनिदेशक राम चंद्र, एलडीएम मंडी अमित कुमार आदि मौजूद रहे।
000