आनी के युवक से 1.80 लाख रुपये में खरीदी थी चरस, मामले में अगले-पिछले लिंक में हुई गिरफ्तारी
सरकाघाट पुलिस ने दो किलो चरस के साथ दबोचे थे दो कार सवार
संवाद न्यूज एजेंसी
सरकाघाट (मंडी)। मंडी-हमीरपुर जिला की सीमा पर चंदरूही के पास पकड़ी दो किलो चरस मामले में अब चौथी गिरफ्तारी हुई। आरोपियों से पूछताछ के बाद बैकवर्ड लिंक का खुलासा हुआ है और पुलिस ने आनी से एक युवक को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया है कि कार सवार दोनों युवाओं आनी के युवक से ही यह चरस खेप खरीदी थी। इसमें आधी उनकी और आधी भाेरंज उपमंडल के ही एक युवक की थी, जिसकी पहले ही गिरफ्तारी हो चुकी है।
पुलिस रिमांड में चल रहे दोनों युवाओं ने पुलिस पूछताछ में बताया कि उन्होंने यह चरस खेप राजकुमार 28 निवासी गांव फाटी बिस्ला धारा डाकघर बिगेहड़ तहसील आनी जिला कुल्लू से खरीदी है। इस संबंध में पुलिस ने जांच पड़ताल कर तथ्य जुटाए तो यह सही पाए गए। बाकायदा कॉल डिटेल के साथ ट्रांजेक्शन भी निकली। जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने यह खेप आनी के युवक से 1.80 लाख रुपये में खरीदी थी। इसमें 90 हजार रुपये हमीरपुर जिला के भोरंज तहसील के गुधवीं डाकघर भुक्कड़ निवासी विनय शर्मा उर्फ अंकू ने दिए थे। अन्य माल दोनों आरोपियों का ही था। इस मामले में सबसे पहले से गिरफ्तार दोनों आरोपी 27 अगस्त तक पुलिस रिमांड पर हैं। अब चारों आरोपियों से एक साथ पूछताछ होगी।
बता दें कि सरकाघाट थाना की टीम ने बीते वीरवार रात को गुप्त सूचना के आधार पर मंडी-हमीरपुर जिला की सीमा पर चंदरूही के पास कार सवार दो युवकों के कब्जे से 2.043 किलो चरस बरामद की। आरोपियों में एक युवक सरकाघाट व दूसरा हमीरपुर का रहने वाला है। उनकी निशानदेही पर ही उनका एक अन्य साथी भोरंज का युवक पकड़ा गया, जबकि अब जिससे खेप बेची थी वह भी पुलिस गिरफ्त में आ गया है।
उधर, एसएचओ सरकाघाट रजनीश ने बताया कि मामले में एक और युवक को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, डीएसपी सरकाघाट संजीव गौतम ने बताया कि नियमानुसार जांच जारी है।