पधर में रणनीति बनाती फोरलेन संघर्ष समिति
पधर (मंडी)। घट्टा से नारला तक पैकेज-4 फोरलेन संघर्ष समिति ने पधर में जीप यूनियन के साथ बैठक की। इस अवसर पर मंडी-पठानकोट फोरलेन को नारला से वाया उरला, घटासनी और गुम्मा होकर बनाने की केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मांग की।
संघर्ष समिति के अध्यक्ष ब्रिज गोपाल अवस्थी ने बताया कि घटा से नारला तक बनने जा रहे फोरलेन को पहले वाले सर्वे के आधार पर निकाला जाए। उन्होंने कहा कि फोरलेन को नारला से नीचे से निकालने की बात कर रहे है जो सही नहीं है। इस फोरलेन को पुराने हाईवे से ही निकाला जाए। अवस्थी ने कहा कि पुराने हाईवे से सड़क की आधी कटिंग हो चुकी है सिर्फ आधी कटिंग बाकी है। नए ट्रेक से फोरलेन का काम किया जाता है तो अधिक समय और पैसा बर्बाद होगा। साथ ही गरीब किसान प्रभावित होंगे। वन संपदा का भी काफी नुकसान होगा। पुराने हाईवे से फोरलेन का निर्माण करने की मांग केंद्रीय मंत्री से की है।