सरकाघाट (मंडी)। नागरिक अस्पताल सरकाघाट में मंगलवार को पीलिया के चार नए मामले सामने आए। इनमें एक गंभीर मरीज को अस्पताल में भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है, जबकि तीन रोगियों को प्राथमिक उपचार व आवश्यक निर्देश देकर घर भेज दिया गया। वहीं, पहले से उपचाराधीन आठ मरीजों को स्वस्थ होने पर डिस्चार्ज कर दिया गया है।
वर्तमान में पीलिया से ग्रसित कुल तीन मरीज अस्पताल में उपचाराधीन हैं। पिछले एक माह से सरकाघाट उपमंडल में पीलिया फैलने से लगातार मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं। अस्पताल में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक और कर्मचारी मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध करा रहे हैं।
नागरिक अस्पताल के एसएमओ डॉ. संजीव कुमार ने लोगों से साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि उबला हुआ पानी ही पिएं, भोजन से पहले हाथ साबुन से धोएं, आसपास पानी जमा न होने दें और पेयजल भंडारण टंकियों की नियमित सफाई कर उनमें क्लोरीन की गोलियां डालें, ताकि पीलिया से बचाव किया जा सके। संवाद