बगस्याड़-थुनाग सड़क बहाली कार्य में जुटी मशीनरी। स्त्रोत- विभाग
मंडी/थुनाग। आपदा से सबसे अधिक प्रभावित थुनाग उपमंडल को राहत पहुंचाने के लिए विभिन्न सड़कों की बहाली का कार्य तेज गति से किया जा रहा है। शुक्रवार शाम 4:00 बजे तक बगस्याड़ से थुनाग के लिए लगभग चार किलोमीटर सड़क बहाल कर दी थी। इस कार्य में पांच जेसीबी और एक पोकलेन मशीन लगातार दिन-रात जुटी हुई है।
लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहकर कार्य की निगरानी कर रहे हैं। अभी इस मार्ग पर लगभग 10 किलोमीटर सड़क खोलना शेष है। थुनाग को वाया जंजैहली-करसोग से जोड़ने वाली सड़क को बहाल करने का कार्य भी जारी है। करसोग की ओर से शंकर देहरा तक सड़क बहाल कर दी है। जंजैहली से लंबाथाच तक लगभग 8 किलोमीटर सड़क बुरी तरह क्षतिग्रस्त है। लंबाथाच से थुनाग तक सड़क की स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर है। यदि वाहन लंबाथाच तक पहुंच जाते हैं तो थुनाग तक राहत सामग्री एवं बचाव दल की आवाजाही आसान हो जाएगी। इसी तरह वाया थलौट-शैट्टाधार मार्ग की बहाली का कार्य जारी है। इस मार्ग पर शैट्टाधार तक हल्के वाहनों (एलएमवी) की आवाजाही बहाल कर दी गई है।
बीते वीरवार से शुक्रवार शाम 4:00 बजे तक आठ सड़कें बहाल की गई हैं। अभी तक 156 सड़कें बाधित हैं। इनकी बहाली का कार्य युद्ध स्तर पर किया जा रहा है ताकि लोगों को राहत पहुंचाई जा सके।
000