सरकाघाट (मंडी)। 19 वर्षीय कॉलेज छात्रा सिया की निर्मम हत्या के विरोध में पूर्व सैनिकों ने वीरवार को सरकाघाट में रैली निकालकर गहरा आक्रोश व्यक्त किया। उन्होंने न्याय की मांग को लेकर जोरदार नारेबाजी की और देश के सर्वोच्च न्यायालय से इस मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की।
यूनाइटेड फ्रंट ऑफ एक्स-सर्विसमैन हिमाचल प्रदेश के बैनर तले पूर्व सैनिकों ने भारत के सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश को ज्ञापन भेजा। इसमें मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराकर शीघ्र न्याय सुनिश्चित करने की मांग की गई। ज्ञापन में बताया गया कि 13 अप्रैल 2026 की सुबह गोपालपुर क्षेत्र में छात्रा सिया की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई। वह कॉलेज जा रही थी, तभी एक अज्ञात हमलावर ने उस पर तेजधार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। फ्रंट के प्रदेश अध्यक्ष सेवानिवृत्त कैप्टन जगदीश वर्मा ने कहा कि मृतका के पिता एक ट्रक चालक हैं और सीमित आय में परिवार का भरण-पोषण करते हैं। ऐसे में न्याय में देरी पीड़ित परिवार की पीड़ा को और बढ़ाएगी। इस तरह की घटनाएं समाज में महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े करती हैं।