मंडी। विशेष न्यायाधीश मंडी दो की अदालत ने वर्ष 2013 में दर्ज भ्रष्टाचार मामले में गवैला पंचायत प्रधान रहे प्रेम सिंह को सभी आरोपों से बरी कर दिया। अदालत ने अपने फैसले में कहा कि अभियोजन पक्ष आरोपों को संदेह से परे साबित करने में असफल रहा।
इस आधार पर अदालत ने प्रेम सिंह को आईपीसी की धारा 420, 467, 468 आईपीसी और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13(सी) से पूर्णतः बरी कर दिया। अभियोजन पक्ष के अनुसार प्रेम सिंह पर आरोप था कि उन्होंने मनरेगा योजनाओं के तहत वर्ष 2008 में सड़क निर्माण कार्यों में आठ मजदूरों की डबल हाजिरी लगाकर 3,200 रुपये की हेराफेरी की थी। साथ ही कई अन्य आरोप भी लगाए गए थे। मामले की लंबी सुनवाई के दौरान 24 गवाह पेश किए गए।
अदालत ने पाया कि तीन आरोप जांच में पहले ही झूठे साबित हो चुके थे। 3,200 रुपये का कथित गबन को भी अदालत में साबित नहीं किया जा सका। साथ ही भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्यवाही के लिए आवश्यक सरकारी अनुमति भी नहीं ली गई थी। सभी तथ्यों व गवाहों के बयान के आधार पर अदालत ने आरोपी को बरी करने का फैसला सुनाया। संवाद