अज्ञात लोगों पर आग लगाने का संदेह, केस दर्ज कराने की तैयारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बालीचौकी (मंडी)। तहसील बालीचौकी के नौणा और ग्राम पंचायत माणी के जंगलों में पिछले दो दिन से लगी आग से वन संपदा को भारी नुकसान हुआ है। आग की सूचना मिलते ही वन विभाग और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और लगातार प्रयासों के बाद आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया।
वन रक्षक हरीश कुमार ने बताया कि कुछ असामाजिक तत्व जानबूझकर जंगलों में आग लगा रहे हैं। ऐसे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी तथा अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध पुलिस में मामला दर्ज करवाने की तैयारी की जा रही है। आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
वन विभाग ने महिला मंडलों, युवक मंडलों और ग्रामीणों से जंगलों की सुरक्षा में सहयोग करने तथा आग लगाने वालों की सूचना देने की अपील की है। शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।