सुंदरनगर (मंडी)। हिमाचल वन अकादमी सुंदरनगर में वनों को आग की घटनाओं से बचाने को लेकर आयोजित पांच दिवसीय प्रशिक्षण एवं जागरुकता कार्यशाला शनिवार को संपन्न हुई।
कार्यशाला का शुभारंभ मंगलवार को वन शिक्षा निदेशालय देहरादून के सौजन्य से किया गया था। कार्यशाला में करीब 20 वनरक्षक और वन खंड अधिकारी प्रतिभागियों ने भाग लिया। कार्यशाला में वनों को आग से बचाने, आग की चपेट में आने वाले पशु-पक्षियों के उपचार के बारे में जानकारी दी। इसके लिए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल, अग्निशमन विभाग, प्रथम चिकित्सा प्रशिक्षक की ओर से आपदा से पहले तैयारी और आपदा के बाद उपचार के बारे में मॉक ड्रिल भी करवाई।
समापन अवसर पर निदेशक भारतीय वन सेवा हिमाचल प्रदेश सुभाष चंद पराशर बतौर मुख्यातिथि शरीक हुए। उन्होंने अपने कार्य को ईमानदारी से करने का आह्वान किया। इस मौके पर हिमाचल प्रदेश वन अकादमी के संयुक्त निदेशक तिलक राज शर्मा, उप निदेशक संदीप कुमार, उप निदेशक पियूष शर्मा, उप निदेशक देवेंद्र सिंह डोगरा, प्रशिक्षक बेसरी शर्मा आदि मौजूद रहे। संवाद