जोगिंद्रनगर (मंडी)। राजकीय कॉलेज जोगिंद्रनगर में सोमवार को यातायात नियमों पर एक दिवसीय कार्यशाला हुई। इसमें थाना प्रभारी जोगिंद्रनगर सकीनी कपूर विशेष रूप से शरीक हुए।
उन्होंने विद्यार्थियों और प्राध्यापकों को यातायात नियमों के बारे में जानकारी दी। कहा कि पुलिस ने चालकों को अनुशासन, सुरक्षा और अपनी नैतिक जिम्मेदारी के साथ वाहन चलाने के निर्देश जारी किए हैं। दो और चार पहिया वाहनों के बिना नंबर प्लेट पर वाहनों को जब्त करने के प्रावधान की जानकारी दी।
बताया कि सुरक्षित सफर के लिए यातायात नियमों का पालन करना जरूरी है। इससे सड़क हादसों में रोक लगेगी। यातायात नियमों का पालन न करने पर पुलिस वाहनों का भी चालान कटेगा। इससे पहले कॉलेज की प्राचार्य प्रो. निशा वैद्य ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा संबंधी विभिन्न नियमों की जानकारी दी। सड़क सुरक्षा क्लब अध्यक्ष प्रो. पवन कुमार की मौजूदगी में विद्यार्थियों को यातायात नियमों की कड़ाई से पालना करने की शपथ भी दिलाई गई। संवाद