बलद्वाडा (मंडी)। ग्राम पंचायत कसमैला के गांव खलयाणा में बुधवार सुबह साढ़े सात बजे एक स्लेटपोश मकान और गोशाला जलकर राख हो गई।
जानकारी के अनुसार खलयाणा गांव की कला देवी पत्नी सुखराम अपने घर से थोड़ी दूर खेतों में काम कर रही थी। उसके स्लेटपोश मकान और गोशाला में अचानक आग लग गई। आग में सामान भी जलकर राख हो गया है। गोशाला में बंधी भैंस भी 80 प्रतिशत जल गई। गांव वालों की मदद से उसे बाहर निकाला गया। तहसील कार्यालय बलद्वाड़ा के कानूनगो कमलेश कुमार ने मौके पर जाकर नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि कला देवी का तीन कमरों का स्लेटपोश मकान और गोशाला के दो कमरे जल गए हैं। करीब आठ लाख रुपये का नुकसान हुआ है। तहसीलदार बलद्वाडा जगदीश चंद के माध्यम से कानूनगो कमलेश कुमार ने पीड़ित परिवार को दस हजार रुपये की फौरी राहत दी है।