लंगेहड़ पंचायत के लंगेहड़ गांव में रविवार सुबह अचानक आग लगने से चार कमरों का मकान जलकर राख हो गया। इसमें करीब पांच लाख रुपये का नुकसान आंका गया है। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार फुणीया राम पुत्र चिंगु राम व उनके बेटों सतीश कुमार, राकेश कुमार व देशराज के मकान में रविवार सुबह अचानक आग लग गई। घटना के समय घर में कोई भी मौजूद नहीं था। आग देखकर बच्चों ने शोर मचाया जिस पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। आग बुझाने के लिए लोगों ने करीब आधा किलोमीटर दूर से पानी लाया, लेकिन आग इतनी भयंकर थी कि देखते ही देखते मकान जलकर राख हो गया। इससे चारों परिवारों का पूरा सामान जलकर स्वाह हो गया।
ग्रामीणों ने घटना की सूचना स्थानीय पंचायत उपप्रधान संजय कुमार को दी। सूचना मिलते ही प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार पवन कुमार मौके पर पहुंचे और उन्होंने पूरी स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित परिवारों को फौरी राहत के तौर पर दस-दस हजार रुपये, एक-एक किचन कीट व तिरपाल तथा बाल्टी दी।
वहीं मानव संगठन ने भी प्रभावित परिवारों को 11 हजार रुपये तथा पंचायत उपप्रधान संजय कुमार ने 10 हजार रुपये की फौरी राहत दी। पंचायत उपप्रधान संजय कुमार ने प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा प्रशासन से देने की मांग की है। नायब तहसीलदार पवन कुमार ने बताया कि पटवारी हल्का को रिपोर्ट तैयार करने के आदेश दे दिए हैं। जल्द रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को आगामी कार्रवाई के लिए भेज दी जाएगी।