छह छोटे-बड़े दमकल वाहन तैयार, तीन के बजाय दो पालियों में होगी कर्मचारियों की ड्यूटी
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। दीपावली त्योहार पर आग की संभावित घटनाओं से निपटने के लिए दमकल विभाग ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिला मुख्यालय में सभी दमकल कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। विभाग ने आपात स्थिति से निपटने के लिए कमर कस ली है और पूरी तरह तैयार है।
अतिरिक्त कर्मचारी बल उपलब्ध रखने के लिए अब तीन के बजाय दो पालियों में ड्यूटी लगाई जा रही है। दमकल विभाग ने कुल छह छोटे-बड़े दमकल वाहन तैयार रखे हैं। इनमें शहर की तंग गलियों में आसानी से पहुंचने के लिए दो छोटे वाहन भी शामिल हैं। प्रशासन की ओर से शहर में पटाखों की बिक्री के लिए निर्धारित स्थलों का निरीक्षण किया जा रहा है।
आग बुझाने के लिए इस्तेमाल होने वाले खराब अग्निशमन हाइड्रेंट को दुरुस्त करवाने के लिए जलशक्ति विभाग को सूचित किया गया है। दमकल विभाग का प्रयास है कि आपात स्थिति में पानी की उपलब्धता और वाहनों की पहुंच में कोई बाधा न आए। पटाखों की बिक्री के स्थलों का प्रशासन द्वारा निरीक्षण किया जा रहा है ताकि सुरक्षा मानकों का पालन हो। जलशक्ति विभाग को खराब अग्निशमन हाइड्रेंट ठीक करने के लिए कहा गया है, जिससे पानी की आपूर्ति बाधित न हो।
उधर, स्टेशन अग्निशमन अधिकारी कर्म चंद ने बताया कि त्योहारी सीजन को देखते हुए विभाग ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। सभी कर्मचारियों को पूरी तरह सतर्क रखा गया है। आग की कोई भी सूचना मिलते ही दमकल वाहन तुरंत मौके पर भेजे जाएंगे। शहर के संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। दिवाली के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए विभाग पूरी तरह से तैयार है।