चोलथरा के रीड़ी में मोबाइल टावर में भड़की आग
पाइपों से काबू, अतिरिक्त अग्निशमन केंद्र की मांग
स्थानीय लोगों ने पुलिस और प्रशासन को दी सूचना
संवाद न्यूज एजेंसी
सरकाघाट (मंडी)। ग्राम पंचायत चोलथरा के राख की रीड़ी क्षेत्र में स्थित एयरटेल टावर में रविवार शाम अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जल शक्ति विभाग के सप्लाई टैंक के समीप लगे टावर से धुआं उठता देख स्थानीय लोगों ने प्रशासन और पुलिस को सूचना दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और टावर धुएं और लपटों से घिर गया।
स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता रमेश चंद भारद्वाज ने बताया कि उन्होंने अपने घर हयोड़ से धुआं उठता देखा। इसके बाद पुलिस, एसडीएम सरकाघाट और एसडीएम धर्मपुर को फोन कर सूचना दी गई। बताया गया कि दमकल वाहन धर्मपुर से पहुंचेगा, क्योंकि संबंधित क्षेत्र की सीमा रखोह तक निर्धारित है।
मौके पर पहुंचे लोगों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन इससे पहले बिजली आपूर्ति बंद करवाने और ऑटोमेटिक चालू जनरेटर को मैनुअली बंद करने की प्रक्रिया करनी पड़ी। जनरेटर बंद होने के बाद हादसा टल गया। स्थानीय लोगों ने चोलथरा या अवाहदेवी क्षेत्र में अतिरिक्त अग्निशमन केंद्र खोलने, दमकल वाहनों की पहुंच सुनिश्चित करने और टावर स्थलों पर सुरक्षा उपकरण उपलब्ध करवाने की मांग की है। सरकाघाट दमकल प्रभारी विक्रांत ने बताया कि टीम मौके पर पहुंची थी, लेकिन दमकल गाड़ियां घटनास्थल तक नहीं पहुंच पाईं। इसके बाद स्थानीय लोगों की सहायता से पाइपों के जरिये आग पर काबू पाया गया।
पांच से छह लाख नुकसान, प्राथमिकी दर्ज
कंपनी प्रबंधन की तरफ से भीम सिंह ने आरोप लगाया है कि टावर साइट पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने आग लगा दी, जिससे शेल्टर, बैटरी बैंक, केबल सहित अन्य उपकरण जलकर नष्ट हो गए। घटना में करीब 5 से 6 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। इस पर पुलिस थाना सरकाघाट में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। एसपी विनोद कुमार ने घटना की पुष्टि की है।