डडौर कबाड़ मार्केट में जलकर राख हुई मशीनरी व वाहन। संवाद
नेरचौक (मंडी)। बल्ह घाटी के डडौर में सोमवार रात कबाड़ मार्केट में अचानक आग लग गई। घटना में रिकवरी वैन समेत वाहनों के इंजन और अन्य सामान जल गया। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। अग्निकांड में करीब चार लाख रुपये का नुकसान हुआ है। कबाड़ से उठ रही आग की लपटों को देखकर स्थानीय दुकानदार और अन्य लोग वहां पर पहुंच गए। लोगों ने आग पर काबू पाने की भरसक कोशिश की, लेकिन कामयाब नहीं हुए। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया। इससे आसपास की दुकानों और घरों को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया।
सोमवार रात करीब 12 बजे नेरचौक और डडौर के बीच कबाड़ मार्केट में आग लग गई। आग की लपटों ने रिकवरी वैन और कबाड़ को अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय युवक पारस ने दुकानदार श्रवण कुमार और सतीश को फोन पर सूचित कर अग्निशमन केंद्र को भी घटना की जानकारी दी। मंडी और सुंदरनगर से तीन दमकल वाहन मौके पर पहुंच गए।
दमकल विभाग के जवानों ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। कबाड़ कारोबारी श्रवण कुमार ने बताया कि घटना में रिकवरी वैन तथा साथ रखे वाहनों के इंजन और अन्य सामान जलकर राख हो गया है। दमकल वाहनों के समय पर पहुंचने के कारण बड़ा नुकसान होने से टल गया। मैकेनिक सतीश गोयल ने बताया कि रात को टेलीफोन से आग लगने की सूचना मिली।
दुकान के बाहर रखा सामान और तेल के ड्रम जल गए हैं। बल्ह के विधायक इंद्र सिंह गांधी ने मौके पर पहुंच कर कारोबारियों का हाल-चाल जाना। एसडीएम स्मृतिका नेगी ने बताया कि कारोबारियों की हरसंभव मदद की जाएगी। बताया कि हलका पटवारी की रिपोर्ट में चार लाख का नुकसान होने की सूचना मिली है। नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। संवाद