जोगिंद्रनगर (मंडी)। दिवाली की रात बीडीओ कार्यालय के समीप एक सरकारी क्वार्टर में पटाखे से आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के अन्य क्वार्टरों और पूरी कॉलोनी को खतरा पैदा हो गया।
दमकल विभाग की टीम ने समय रहते मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। इस घटना में करीब 50 हजार रुपये की संपत्ति जली, जबकि पांच लाख रुपये से अधिक की संपत्ति को बचा लिया गया। रविवार देर रात करीब 12 बजे लोग आतिशबाजी कर रहे थे।
इसी दौरान एक पटाखा सरकारी क्वार्टर के समीप गिरा, जिससे आग लग गई। लपटें उठती देख कॉलोनी में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद दमकल विभाग को सूचना दी गई।
खंड विकास अधिकारी प्रतिमा मिन्हास ने बताया कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से नुकसान व आग लगने के कारणों की रिपोर्ट मांगी है। पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच कर रहे हैं।
दमकल विभाग जोगिंद्रनगर के प्रभारी बंशी लाल ने बताया कि दोनों घटनाओं में करीब 50 हजार रुपये की संपत्ति जली है, जबकि पांच लाख रुपये से अधिक की संपत्ति को आग की चपेट में आने से बचाया गया।
कुंशल गांव में पराली जली
आग की दूसरी घटना शहर से करीब सात किलोमीटर दूर खुद्दर के कुंशल गांव में रविवार दोपहर हुई। यहां कश्मीर लाल के घर के समीप रखी पराली में आग लग गई। इससे आसपास के रिहायशी क्षेत्र को भी खतरा पैदा हो गया। इस घटना में करीब 30 हजार रुपये की संपत्ति जलने का अनुमान है।