अधिवक्ता पर वीडियो बनाकर कामकाज में बाधा उत्पन्न करने का आरोप
मंडी। जिला मुख्यालय मंडी में तैनात आईएएस महिला अधिकारी ने एक व्यक्ति के खिलाफ वीडियो बनाकर प्रसारित कर कामकाज में बाधा उत्पन्न करने का आरोप लगाते हुए शहरी पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। आरोपी पेशे से अधिवक्ता है। वीडियो बनाने का यह मामला अंतरराष्ट्रीय महाशिवरात्रि महोत्सव के दौरान का है। प्रसारित वीडियो में महिला आईएएस के बारे में अभद्र भाषा का प्रयोग किया और आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई। इससे अधिकारी की गरिमा को ठेस पहुंची है। 17 फरवरी को अधिवक्ता ने महिला प्रशासनिक अधिकारी का कथित तौर पर पीछा किया और इनका वीडियो रिकाॅर्ड किया। इस वीडियो का प्रसारण करते हुए महिला अधिकारी की कार्यप्रणाली को लेकर बातें कहीं गई हैं। पुलिस अब शहरी चौकी में पूछताछ के लिए आरोपी को तलब करेगी। उधर, एसपी मंडी विनोद कुमार ने बताया कि मामले में जांच जारी है। संवाद