सुंदरनगर (मंडी)। सुंदरनगर के नागरिक अस्पताल डैहर में मेडिकल ऑफिसर के साथ बहसबाजी और ड्यूटी में बाधा पहुंचाने पर एक व्यक्ति के खिलाफ थाना सुंदरनगर थाना में केस दर्ज किया गया है। जानकारी के अनुसार थाना में दर्ज कराई शिकायत में नागरिक अस्पताल डैहर में कार्यरत मेडिकल ऑफिसर मृणालिनी शर्मा ने कहा है कि 13 मई को अस्पताल में सड़क हादसे में घायल हुए छह मरीजों को उपचार के लिए लाया गया था। घायलों में रक्षा देवी जो बहुत ज्यादा डर जाने से बात नहीं कर पा रही थी और घबरा गई थी। इसी दौरान घायल का पति रवि कुमार बलदेव निवासी भवाना डाकघर जडोल आपातकालीन सेवा कक्ष में अंदर आ गया। जब उसे बाहर बैठने का अनुरोध किया तो वह बहसबाजी करने लगा। जिसके कारण घायलों के उपचार में बाधा हुई। डीएसपी भारत भूषण ने बताया मेडिकल ऑफिसर की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरु कर दी गई है।
विद्यार्थियों ने रैली निकाल स्वच्छता के प्रति किया जागरूक
सुंदरनगर (मंडी)। बीएसएल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कॉलौनी सुंदरनगर के विद्यार्थियों तथा राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने वीरवार को स्वच्छता पखवाड़े के तहत जागरूकता रैली निकाली। रैली को वरिष्ठ कार्यकारी अभियंता डीके वर्मा ने झंडी दिखाकर रवाना किया। जागरूकता रैली बीएसएल कॉलोनी का चक्कर लगा कर स्कूल लौटी। रैली के दौरान विद्यार्थियों ने हाथ में लिए बैनरों और नारों के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। संवाद