लडभड़ोल (मंडी)। क्षेत्र की सिमस पंचायत में एक पर्यटक ने दुकानदार पर गाली-गलौज और धक्का-मुक्की के आरोप लगाए हैं। इस संबंध में साउथ दिल्ली के फ्लोर रामनगर से पति अमित गुप्ता के साथ माता सिमसा मंदिर में दर्शन को पहुंचीं महिला कृति बंसल ने लड़भड़ोल पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई है।
महिला का आरोप है कि वे दो दिन से उक्त दुकानदार के घर के पास रह रहे थे। माता के दर्शन करने के बाद वे घर जाने के गाड़ी में सामान डाल रहे थे। इसी दौरान पीछे से एक टेंपो आया और उसने हॉर्न बजाया। इस पर दुकानदार बाहर आया और गाली-गलौज और धक्का-मुक्की करने लगा। इसके बाद मामले की सूचना सिमस पंचायत के प्रधान विवेक जसवाल को दी। मौके पर पहुंचे प्रधान विवेक जसवाल ने महिला पर्यटक से हुए दुर्व्यवहार की निंदा की और प्रशासन से कार्रवाई की मांग की। उधर, लडभड़ोल पुलिस चौकी प्रभारी अनिल कटोच ने महिला के बयान कलमबंद कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। डीएसपी पधर दिनेश कुमार ने बताया कि दिल्ली निवासी महिला की शिकायत पर कार्रवाई की जा रही है। मंदिर कमेटी के अध्यक्ष विनोद कुमार ने कहा कि मामले को लेकर दोनों पक्षों में सुलह करवा दी है। संवाद