एमसीएच मंडी स्थित गायनी ओपीडी के बाहर उपचार के लिए बारी का इंतजार करती महिलायें। संवाद
स्वास्थ्य: जोनल अस्पताल में भीड़ कम करने के लिए सामान्य ओपीडी में भी मिल रही सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। मातृ-शिशु अस्पताल (एमसीएच) की गायनी ओपीडी में बढ़ती भीड़ को कम करने के लिए अस्पताल के कमरा नंबर-96 स्थित सामान्य महिला ओपीडी में भी स्वास्थ्य अधिकारी स्तर की दो महिला चिकित्सक सेवाएं दे रही हैं। यहां महिलाओं की विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं की जांच और उपचार किया जा रहा है। गायनी ओपीडी में दो चिकित्सक होने के बावजूद ऑपरेशन ड्यूटी के कारण मरीजों को कई बार देर तक इंतजार करना पड़ता है, जबकि कमरा नंबर-96 में कम भीड़ होने से मरीजों को जल्द उपचार मिल रहा है। सुहड़ा निवासी सुनीता, गायत्री, मोती बाजार की प्रोमिला, कोटमार्स की मीरा चंदेल, पुरानी मंडी की सुधा, बिजणी की कामना और सरोज ने बताया कि पहले उन्हें कमरा नंबर-96 में महिला ओपीडी की जानकारी नहीं थी। यहां कम भीड़ होने से जांच जल्द हो जाती है और समय पर घर लौटना संभव हो पाता है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी मंडी डॉ. दिनेश ठाकुर ने बताया कि गायनी ओपीडी के साथ कमरा नंबर-96 की सामान्य महिला ओपीडी में भी बेहतर उपचार सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। भीड़ कम करने के लिए यह व्यवस्था लंबे समय से लागू है, जिससे महिला मरीजों को राहत मिल रही है।