सुंदरनगर (मंडी)। कृषक प्रशिक्षण केंद्र सुंदरनगर में हिम्मोथान सोसाइटी लेह-लद्दाख के सौजन्य से लद्दाख से आए 24 किसानों के लिए नगदी फसलों के उत्पादन पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रधानाचार्य डॉ. ओम प्रकाश बंसल ने किसानों का स्वागत करते हुए आधुनिक एवं लाभकारी कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। उप प्रधानाचार्य डॉ. जगदीश कुमार जंजीहा ने हरे मटर की खेती में भूमि तैयारी, बिजाई, सिंचाई, कीट एवं रोग प्रबंधन, उत्पादन और विपणन की जानकारी दी।
विज्ञापन
प्रशिक्षण अधिकारी डॉ. सुधीर कुमार ने एक्सोटिक एवं विदेशी सब्जियों की खेती की उन्नत तकनीकों से किसानों को अवगत करवाया। उन्होंने उत्पादन से लेकर विपणन तक के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी और किसानों की जिज्ञासाओं का समाधान किया।
प्रशिक्षण के तहत डॉ. नरेश कुमार और डॉ. सुधीर कुमार के मार्गदर्शन में किसानों को सुंदरनगर क्षेत्र के प्रगतिशील किसानों के खेतों का भ्रमण भी करवाया गया।
इस दौरान किसानों ने नवीन कृषि तकनीकों और व्यावहारिक प्रयोगों को समझा तथा प्रगतिशील किसानों से उनके अनुभव साझा किए।