सुंदरनगर (मंडी)। खेतों में तैयार फसल को बाजार न मिलने से किसानों को होने वाले नुकसान को रोकने के लिए पहल की गई है। कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) सुंदरनगर में आधुनिक प्रसंस्करण मशीनें लगाई गई हैं। इन पर करीब दो करोड़ रुपये खर्च हुए हैं।
इन मशीनों से फल और सब्जियों को खराब होने से बचाया जा सकेगा। किसान अपनी उपज से रस, सूखे फल-सब्जियां और कई मूल्यवर्धित उत्पाद बना सकेंगे। यह किसानों के लिए अतिरिक्त कमाई का रास्ता खोलेगा। अक्सर किसानों को फसल बेचने में चुनौती आती है। फल और सब्जियां जल्दी खराब होती हैं, जिससे उन्हें कम दाम पर बेचना पड़ता है। कई बार पूरी फसल खराब होने का खतरा भी रहता है। केवीके की ये मशीनें किसानों के लिए बहुत मददगार साबित होंगी।
किसानों को कारोबार का अवसर
इन प्रसंस्करण उपकरणों से किसान अपनी उपज को नए उत्पादों में बदल सकेंगे। इससे फसल को लंबे समय तक सुरक्षित रखना आसान होगा और बेहतर दाम मिलेंगे। यह पहल किसानों को छोटे स्तर पर अपना कारोबार शुरू करने का अवसर देगी। वे उत्पादों की गुणवत्ता, पैकेजिंग और ब्रांड पहचान पर काम कर बाजार में अलग पहचान बना सकेंगे। कृषि विशेषज्ञ उन्हें आधुनिक तकनीक सिखाकर खेती को अधिक मुनाफे का व्यवसाय बनाने में मदद करेंगे।
केवीके सुंदरनगर में किसानों को उचित दरों पर प्रोसेसिंग की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी ताकि वे अपने उत्पादों की गुणवत्ता और पैकेजिंग बेहतर बनाकर बाजार में आकर्षक ढंग से बेच सकें और अच्छी आमदनी प्राप्त कर सकें।
-डॉ. पंकज सूद, प्रभारी एवं वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक, केवीके सुंदरनगर