सुंदरनगर के जड़ोल क्षेत्र निरीक्षण करते हुए कृषि विभाग के अधिकारी। स्रोत विभाग
अतिरिक्त निदेशक और उपनिदेशक की अगुवाई में टीम ने किया जड़ोल व डैहर के खेतों का निरीक्षण
42,000 हेक्टेयर में फैली फसल को बचाने के लिए किसानों से विभागीय एडवाइजरी अपनाने की अपील
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। मंडी जिले में खरीफ सीजन की प्रमुख फसल मक्की को फॉल आर्मी वर्म (कीट प्रकोप) से बचाने के लिए कृषि विभाग की टीम खेतों का सघन निरीक्षण कर रही है। मंगलवार को कृषि विभाग के अतिरिक्त निदेशक, धर्मशाला डॉ. राहुल कटोच, जिला उपनिदेशक डॉ. रामचंद्र चौधरी और विषय वाद विशेषज्ञ सुंदरनगर शमशेर नायक ने जड़ोल और डैहर क्षेत्रों का दौरा कर फसल की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सामने आया कि जिले में मक्की की फसल पर फॉल आर्मी वर्म का प्रकोप अब नियंत्रण में है। कीटों का प्रभाव कम होने के बाद पौधे दोबारा हरे-भरे होने लगे हैं। विभागीय अधिकारियों का अनुमान है कि समय पर किए गए उपायों के चलते आने वाले कुछ दिनों में फसल पूरी तरह स्वस्थ हो जाएगी।
जिले में इस कीट का पहला प्रकोप सुंदरनगर की कांगरी (जड़ोल) और डैहर के आसपास के क्षेत्रों में सामने आया था। इसके बाद 27 जून को किए गए निरीक्षण के बाद मंगलवार को दोबारा फॉलो-अप निरीक्षण किया गया। कृषि विभाग के आंकड़ों के अनुसार चालू खरीफ सीजन में जिले की कुल 75,000 हेक्टेयर कृषि योग्य भूमि पर बुआई का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें से करीब 42,000 हेक्टेयर क्षेत्र में अकेले मक्की की खेती की जा रही है।
सुंदरनगर क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान मक्की की फसल कीट प्रकोप से उबरती हुई पाई गई है। किसान अपनी फसल को सुरक्षित रखने के लिए कृषि विभाग की एडवाइजरी का पालन करें। -डॉ. रामचंद्र चौधरी, उपनिदेशक, कृषि विभाग मंडी