संधोल में हिमाचल मंडी जनकल्याण सभा की ओर से आयोजित निःशुल्क नेत्र जांच शिविर में मौजूद लोग। सं
- फोटो : lस्रोत- परिजन
संधोल (मंडी)। हिमाचल प्रदेश मंडी जनकल्याण सभा दिल्ली और रोटरी आई फाउंडेशन मारंडा के तत्वावधान में शुक्रवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चोलगढ़, संधोल में निशुल्क नेत्र जांच शिविर आयोजित किया। इसमें रोटरी आई फाउंडेशन अस्पताल मारंडा (पालमपुर) के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने 740 मरीजों की आंखें जांची।
दिल्ली जन कल्याण सभा के अध्यक्ष केआर वर्मा ने बताया कि मरीजों की जांच के बाद विशेषज्ञों की ओर से रोगियों को निशुल्क दवाइयां भी दी गईं। गंभीर और मोतियाबिंद से प्रभावित 55 रोगियों को ऑपरेशन करवाने की सलाह दी। ऑपरेशन रविवार को मेलामल सूद रोटरी आई अस्पताल मारंडा में होंगे।
रोगियों को सभा की ओर से निशुल्क वाहन सेवा से मारंडा ले जाया गया। रोगियों को 15 दिन के बाद दोबारा शिविर स्थल, चोलगढ़ बुलाया जाएगा, जहां विशेषज्ञ दोबारा उनकी जांच करेंगे। शिविर के सफल आयोजन के लिए दिल्ली से सभा के 25 कार्यकर्ता चोलगढ़ पहुंचे। उन्होंने मरीजों की जांच और उपचार में मेडिकल टीम का सहयोग किया। संवाद