डैहर (मंडी)। पर्यावरण अनुकूल और मजबूत तकनीकी सामग्री विकसित करने की संभावनाओं पर जवाहरलाल नेहरू राजकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय (जेएनजीईसी) सुंदरनगर में चार देशों के विशेषज्ञ विचार साझा करेंगे।
महाविद्यालय के टेक्सटाइल इंजीनियरिंग विभाग की ओर से 2 से 7 नवंबर तक एआईसीटीई प्रायोजित छह दिवसीय ऑनलाइन फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम (एफडीपी) आयोजित किया जा रहा है। इसमें देशभर से करीब 180 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं।
कार्यक्रम का विषय सस्टेनेबिलिटी के लिए कंपोजिट्स में नवीनतम प्रगति एवं तकनीकी वस्त्रों में उनके अनुप्रयोग रखा गया है। इसमें भारत के अलावा चेक गणराज्य, हांगकांग और ईरान के विशेषज्ञ व्याख्यान देंगे।
प्राकृतिक रेशों का संशोधन, ग्रीन कंपोजिट्स, कार्बन कंपोजिट्स, जियोटेक्सटाइल्स और स्मार्ट कंपोजिट्स जैसे विषयों पर विशेष सत्र आयोजित होंगे। विशेषज्ञ इन सामग्रियों की मजबूती, परीक्षण और औद्योगिक उपयोगों की जानकारी भी देंगे।
महाविद्यालय के निदेशक-सह-प्रधानाचार्य प्रो. राजीव खंडूजा के मार्गदर्शन और विभागाध्यक्ष इंजीनियर परवीन कुमार के नेतृत्व में कार्यक्रम आयोजित हो रहा है। डॉ. प्रिया जसवाल और डॉ. दिनेश भाटिया इसके समन्वयक हैं।
इंजीनियर परवीन कुमार ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों और शोधकर्ताओं को कंपोजिट तकनीक में हो रहे नवीनतम बदलावों से परिचित करवाना है, ताकि वे इन तकनीकों को अपने शिक्षण और अनुसंधान कार्यों में उपयोग कर सकें।