मंडी। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान मंडी में पर्यटन एवं आतिथ्य के तीसरे चरण की व्यावसायिक प्रशिक्षकों की कार्यशाला का समापन हो गया। इस अवसर पर उपनिदेशक गुणवत्ता नियंत्रक एवं जिला परियोजना अधिकारी मीना राठौर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। प्रतिभागियों ने आतिथ्य पर्यटन से संबंधित व्यावहारिक नवाचार शिक्षण तकनीकों का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। मुख्य अतिथि ने प्रतिभागियों को संदेश दिया कि आप आधुनिक तकनीकी शिक्षा और कौशल का प्रयोग कर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करें। कार्यशाला के तीसरे चरण के राज्य समन्वयक गुरेश, राजपाल, अखिल और स्रोत समन्वयक के रूप में डॉ. संजय जोशी, डॉ. देवेंद्र और विजय शर्मा रहे। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों ने चार सितारा होटल क्लार्क का क्षेत्रीय भ्रमण किया और वहां पर होटल प्रबंधन की तकनीकी गतिविधियों और बारीकियों का गहन अध्ययन किया। कार्यशाला के अंतिम दिन सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक प्रस्तुति देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यशाला में जिला हमीरपुर, शिमला, सोलन और ऊना के प्रतिभागियों ने भाग लिया। संस्थान के प्रधानाचार्य डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि ने सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।