बैहना(मंडी)। कीरतपुर-मनाली फोरलेन निर्माण में रोजगार न मिलने से उखड़े स्थानीय बेेरोजगारों ने बैहना में कंपनी की साइट पर जोरदार नारेबाजी करते हुए धरना दिया। बैहना व भडयाल पंचयात के बेरोजगार युवाओं ने रोष जताते हुए कहा कि फोरलेन निर्माण कार्य में रोजगार को लेकर डीसी मंडी को भी एक माह पूर्व मांग पत्र सौंपा था, मगर प्रशासन ने भी कोई सुनवाई नहीं की। क्षेत्र में इन दिनों फोरलेन कंपनी जोरों से निर्माण कर रही है। लेकिन स्थानीय लोगों को रोजगार मुहैया करवाने की शर्त को दरकिनार किया जा रहा है। स्थानीय युवाओं ने फोरलेन निर्माण कार्य में रोजगार मुहैया करवाने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि अगर शीघ्र ही उन्हें रोजगार नहीं दिया तो कंपनी व प्रशासन के खिलाफ वह उग्र आंदोलन करने करेंगे।
इस मौके बेरोजगार युवाओं में सोहन सिंह, पुष्पराज, शिव सिंह, नंदलाल, हरीश कुमार, जीवन लाल, बबलू, तेजराम, विपिन, कुशल, लालचंद व नरेश कुमार मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि फोरलेन निर्माण में लगी कंपनी के अधिकारियों को 10 अक्तूबर को रोजगार देने बारे मांग पत्र सौंपा था, मगर कोई कार्रवाई नहीं हुई। मजबूरन बेरोजगार युवाओं को काम रोकना पड़ा। बेरोजगार युवाओं ने चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर जल्द रोजगार न दिया गया तो निर्माण कार्य बंद किया जाएगा।
उन्होंने मांग की है कि फोरलेन निर्माण में स्थानीय युवाओं को ज्यादा से ज्यादा रोजगार, श्रम कानूनों के तहत बेरोजगार युवाओं की भर्ती की जाए। जो युवा जिस कार्य में कुशल है, उन्हें उन पदों पर नियुक्ति दी जाए। अकुशल युवाओं को चौकीदार या अन्य किसी कार्य पर रखा जाए।