जोगिंद्रनगर (मंडी)। उच्च शिक्षा विभाग की संयुक्त निदेशक डॉ. सुनीता सिंह ने कहा कि समाज में बिना किसी भेदभाव के समानता, एकता और सद्भावना को विकसित करना हर नागरिक का नैतिक धर्म है।
वह मंगलवार को राजीव गांधी स्मारक राजकीय महाविद्यालय जोगिंद्रनगर में ‘हाशियों से मुख्य धारा की ओर परलैंगिक समावेश की सामाजिक धारा’ विषय पर आयोजित संगोष्ठी में बोल रहीं थीं। संगोष्ठी समाजशास्त्र विभाग, अनुसंधान एवं विकास सेल और पंजाब विश्वविद्यालय चंडीगढ़ के समाजशास्त्र विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की गई थी। डॉ. सुनीता ने कहा कि परलैंगिक समुदाय को सम्मानपूर्वक मुख्यधारा से जोड़ना सामाजिक दायित्व है।
संगोष्ठी में पीयू चंडीगढ़ के समाजशास्त्र विभाग के अध्यक्ष डॉ. विनोद कुमार मुख्य वक्ता रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य प्रो. निशा वैद्य ने की। कार्यक्रम संयोजिका प्रो. कौमुदी शर्मा ने बताया कि ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से विभिन्न महाविद्यालयों के शिक्षक, गैर शिक्षक और लगभग 300 विद्यार्थी इस संगोष्ठी से जुड़े। अंत में प्रो. दीपक मोहन ने सभी अतिथियों का आभार प्रकट किया।