पधर (मंडी)। ग्राम पंचायत डलाह ने क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए ठोस कदम उठाए हैं। पंचायत ने सफाई व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए स्वच्छता कर्मचारियों की नियुक्ति की है। ये कर्मचारी एक दिन छोड़कर पूरे क्षेत्र से कचरा उठाएंगे।
ग्रामीण कूड़ा कचरा सफाई कर्मचारियों को ही सौंपें। गीला-सूखा कचरा अलग-अलग दें, ताकि वैज्ञानिक तरीके से उसका निष्पादन हो सके। पंचायत ने निर्णय लिया है कि पधर बाजार और आसपास के घरों एवं किरायेदारों से हर माह स्वच्छता शुल्क वसूला जाएगा। इसे अनिवार्य रूप से सभी को देना होगा। मकान मालिकों से विशेष सहयोग की अपेक्षा की गई है ताकि यह व्यवस्था लंबे समय तक कारगर ढंग से चल सके।
पंचायत ने व्यापारियों को चेताया कि वह दुकानों के बाहर डस्टबिन अवश्य रखें। कुछ दुकानदारों ने इस नियम का पालन किया है, जबकि बाकी अब भी लापरवाही बरत रहे हैं। आने वाले दिनों में इस पर सख्ती की जाएगी।
पंचायत प्रधान हेमंत कुमार महंत ने जनता से आग्रह किया है कि स्वच्छता को नैतिक कर्तव्य समझकर सहयोग करें। यदि कोई व्यक्ति खुले में कचरा फेंकता है, नालों या जंगलों में गंदगी डालता है और कूड़े कचरे को जलाता है, तो उसके खिलाफ पंचायत सख्त कार्रवाई करेगी।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण बनाए रखना केवल प्रशासन का ही नहीं, हम सबका कर्तव्य है। गंदगी फैलाना आसान है, लेकिन साफ-सफाई बनाए रखना जिम्मेदारी और अनुशासन मांगता है। सभी के सहयोग से ही डलाह पंचायत क्षेत्र को स्वच्छ और सुंदर बनाया जाएगा। पंचायत ने नागरिकों से सुझाव भी आमंत्रित किए हैं ताकि सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।
000