चंबा। विद्युत उपमंडल चंबा-एक के तहत शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली बिलों का लंबे समय से भुगतान नहीं करने वाले 250 उपभोक्ताओं के घरों की बिजली काट दी गई है। बिजली बोर्ड की ओर से बकाया बिलों की वसूली के लिए यह कार्रवाई की गई है। इससे संबंधित उपभोक्ताओं को अब बिना बिजली के रहना पड़ रहा है। बिजली बोर्ड ने इसी माह बिल जमा न करवाने वाले करीब 1900 उपभोक्ताओं को नोटिस जारी किए गए थे। इसके बाद अधिकांश उपभोक्ताओं ने बिलों का भुगतान कर दिया। करीब 1600 उपभोक्ताओं ने अपने बकाया बिल जमा करवा दिए, जबकि भुगतान नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटने की कार्रवाई की गई। जिन उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटे गए हैं, उन्हें दोबारा बिजली बहाल करवाने के लिए 250 रुपये शुल्क देना होगा। गौरतलब है कि बोर्ड की ओर से लंबे समय से बिजली बिल का भुगतान न करने पर कार्रवाई का प्रावधान है। सर्वप्रथम नोटिस दिया जाता है और 15 दिन की मोहलत दी जाती है। इसके बाद बोर्ड अस्थायी तौर पर कनेक्शन काटने के आदेश दिए हैं। अगर तब भी उपभोक्ता बिल जमा नहीं करवाते हैं तो उनके कनेक्शन अस्थायी तौर पर काटने का भी प्रावधान है। बिजली बोर्ड के सहायक अभियंता टीआर ठाकुर ने बताया कि नोटिस के बाद 250 उपभोक्ताओं ने बिजली बिल जमा नहीं करवाया है। ऐसे में उनके कनेक्शन अस्थायी तौर पर काट दिए है। उपभोक्ताओं की ओर से 250 रुपये का शुल्क और लंबित बिल की अदायगी करने के बाद ही बिजली बहाल की जाएगी।