डलहौजी (चंबा)। महर्षि वाल्मीकि जी के प्रकाशोत्सव पर नगर परिषद अध्यक्ष वंदना चड्ढा ने सदर बाजार स्थित वाल्मीकि मंदिर में माथा टेककर पूजा-अर्चना की। उन्होंने क्षेत्रवासियों को प्रकाशोत्सव की शुभकामनाएं दीं और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।
वंदना चड्ढा ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि जी की शिक्षाएं सत्य, ज्ञान, सदाचार, समानता और मानवता का संदेश देती हैं। उनके आदर्शों को जीवन में अपनाकर समाज में प्रेम, भाईचारे और सद्भावना को मजबूत किया जा सकता है।
इस दौरान उन्होंने शोभायात्रा में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया और उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि धार्मिक और सामाजिक आयोजन सांस्कृतिक परंपराओं को सहेजने के साथ सामाजिक एकता को भी मजबूत करते हैं। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने लंगर ग्रहण किया। नगर परिषद अध्यक्ष ने आयोजन के लिए 21 हजार रुपये देने की घोषणा की। इस अवसर पर कुल 51 हजार रुपये की राशि प्रदान की गई। कार्यक्रम में पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष मनोज चड्ढा सहित अन्य श्रद्धालु मौजूद रहे।