पंजौंड को थल्टूखोड़ से जोड़ने वाला क्षतिग्रस्त मुख्य पुल। संवाद
पधर (मंडी)। राजबन गांव सहित चौहारघाटी की ग्राम पंचायत लटराण, धमच्चयाण और तरस्वाण में बिजली आपूर्ति ठप है। घाटी के गांवों पिछले 50 घंटे से पूरी तरह ब्लैक आउट है। विद्युत बोर्ड की टीमें बिजली बहाल करने में जुटी हैं।
इसके अलावा पजांड गांव से उपमंडल पधर क्षेत्र की सबसे बड़ी पेयजल योजना भी बाधित है। योजना का पानी शीघ्र बहाल करने के लिए जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता राजेश वर्मा, सहायक अभियंता दिवांशू और कनिष्ठ अभियंता प्रेम सिंह ने टीम के साथ पजांड गांव तक मुआयना किया। राजेश वर्मा ने कहा कि योजना की पाइपलाइन जगह-जगह टूट गई है। उन्होंने कहा कि पूरे पधर क्षेत्र की आपूर्ति पजांडी पेयजल योजना पर निर्भर है, जिसे विभाग शीघ्र बहाल करेगा।
उधर, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता जोगिंद्रनगर राजीव वर्मा, अधिशासी अभियंता रूप चंद, कनिष्ठ अभियंता देश राज ने थल्टूखोड-ग्रामण-पजांड सड़क पर हुए नुकसान का जायजा लिया। अधीक्षण अभियंता ने सड़क के हुए नुकसान की विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश विभागीय इंजीनियरों को दिए।
उन्होंने बताया कि थल्टूखोड गांव में क्षतिग्रस्त हुए पुल की मरम्मत के उपरांत ही सड़क की मरम्मत का कार्य शुरू किया जा सकता है। पूरा मार्ग जगह जगह से टूट गया है। कई स्थानों पर विशाल चट्टानें गिरने से सड़क का नामोनिशान नहीं रहा है। पूरी सड़क ने नाले का रूप धारण किया हुआ है। एचआरटीसी की बस सहित तीन दर्जन वाहन इस मार्ग में फंसे हुए हैं।