सरकाघाट (मंडी)। सरकाघाट उपमंडल में पिछले चार दिनों से पेयजल आपूर्ति न होने से ग्रामीणों को परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। ग्रामीणों जलशक्ति विभाग के अधिकारियों से पेयजल आपूर्ति बहाल करने की बार-बार गुहार लगा रहे हैं, लेकिन समाधान नहीं हो पा रहा है। बताया जा रहा है कि कांढापतन उठाऊ पेयजल योजना में चार दिन से बिजली नहीं है, जिस कारण पानी लिफ्ट नहीं हो पा रहा है और आपूर्ति ठप हो गई है।
उपमंडल के गांव नबाही, गोपालपुर, फतेहपुर, मोही, दरकोहली, पौंटा, हरिबैहना सहित अन्य गांवों में पिछले चार दिन से लोगों के घरों में लगे नलों में पानी की एक बूंद तक नहीं टपकी। ग्रामीणों को मजबूर होकर गांवों के दूरदराज के प्राकृतिक स्रोतों से पानी ढोना पड़ रहा है। परिवार की महिलाएं और बच्चे दिनभर का जुगाड़ करने के लगे हुए हैं।
पानी की कमी के चलते गृहणियों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ रही है। क्योंकि परिवार के लिए तीन समय का खाना तैयार करना, कपड़े और बर्तन धोने के लिए पूरा पानी नहीं हो रहा है। स्थानीय निवासी रत्न चंद कौशल, रमेश कुमार, परमा राम, भाग सिंह, बलवीर सिंह, चुनी लाल, हेमा देव आदि का कहना है कि उपमंडल में स्थापित करीब 10 पंप हाऊस से पानी की आपूर्ति नहीं हो रहा है।
उधर, जलशक्ति विभाग के सहायक अभियंता अनिल शर्मा ने बताया कि धर्मपुर उपमंडल में पिछले चार दिन से 33 केवी पंप हाउस में विद्युत आपूर्ति ठप है। इस कारण ब्यास नदी पर स्थापित कांढापतन उठाऊ पेयजल योजना में पानी लिफ्ट नहीं हो रहा। इसके चलते सरकाघाट उपमंडल के लोगों को पेयजल की आपूर्ति नहीं हो पा रही है।