मेडिकल बिलों की प्रतिपूर्ति के लंबित मामलों पर भी चिंता जताई
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड पेंशनर फोरम ने लंबित वित्तीय लाभों और एरियर के जल्द भुगतान की मांग की है। फोरम की मासिक बैठक में वीरवार को शिमला में हुई। बैठक में शिमला जिला के करीब 40 पेंशनरों ने भाग लिया। इसकी अध्यक्षता फोरम के अध्यक्ष एसएन कपूर की अध्यक्षता में हुई।
फोरम के महासचिव टी आर गुप्ता और केंद्रीय कार्यकारिणी के अतिरिक्त महासचिव चेतराम शर्मा ने कहा कि 1 जनवरी 2016 से 31 मार्च 2022 के बीच सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों को अभी तक वित्तीय लाभ नहीं मिले हैं। इनमें लीव एनकैशमेंट, ग्रेच्युटी आदि शामिल हैं। फोरम ने मांग की कि पेंशन एरियर के लिए 30 जून 2025 की कट-ऑफ तिथि को 31 मार्च 2026 किया जाए ताकि ज्यादा पेंशनरों को लाभ मिल सके। इससे 70 और 75 वर्ष की आयु पूरी कर चुके सभी पेंशनरों को बिना भेदभाव के पेंशन एरियर मिल सकेगा। फोरम ने विद्युत बोर्ड पेंशनरों के मेडिकल बिलों की प्रतिपूर्ति के लंबित मामलों पर भी चिंता जताई गई। कई पेंशनर उपचार पर लाखों रुपये खर्च कर रहे हैं, जबकि उनके मेडिकल बिल लंबित हैं। फोरम ने बिजली बोर्ड प्रबंधन से सभी लंबित देयों का भुगतान प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय-सीमा में करने की मांग की है। इसके साथ ही उन्होंने हाल ही हुई पेंशनर रैली की सफलता पर सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगें नहीं मानी गईं तो भविष्य में आंदोलन और तेज होगा। इसकी समस्त जिम्मेदारी बिजली बोर्ड प्रबंधन और सरकार की होगी।