पथरीले रास्ते पर गिरने से गंभीर हुए घायल, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित किया
संवाद न्यूज एजेंसी
गोहर (मंडी)। उपमंडल के फंगयार गांव में पांव फिसलने से 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक की पहचान लालमन निवासी फंगयार के रूप में हुई है। वह गांव में आयोजित शादी समारोह में शामिल होकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में हादसा हो गया।
पुलिस के अनुसार लालमन पथरीले रास्ते से गुजर रहे थे कि अचानक उनका पांव फिसल गया और वह नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना का पता चलते ही ग्रामीणों और परिजनों ने उन्हें उपचार के लिए सिविल अस्पताल गोहर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर गोहर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर नेरचौक मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम करवाया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। एसपी मंडी विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि की है।