सुजानपुर (हमीरपुर)। जय मां दुर्गे क्लब की ओर से आयोजित दशहरा उत्सव में सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक कैप्टन रणजीत सिंह ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस दौरान चौगान में रावण का पुतला जलाया गया। विधायक ने काली माता मंदिर में पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। इस अवसर पर विधायक कैप्टन रणजीत सिंह ने काली माता मंदिर में सराय भवन के निर्माण के लिए 11 लाख रुपये देने की घोषणा की। विधायक ने कहा कि दशहरा हमें सत्य, धर्म और अच्छाई के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि आज समाज के सामने नशा एक बड़ी चुनौती बनकर खड़ा है और अब समय आ गया है कि हम सभी मिलकर नशे के खिलाफ निर्णायक जंग लड़ें।