मंडी। सरकार के आदेेेशानुसार कॉलेजों में एक जुलाई से शुरू हो रही स्नातक अंतिम वर्ष की परीक्षाओं की तैयारी शुरू कर दी गई है। परीक्षा को लेकर कॉलेज के कमरों को 30 जून को पूरी तरह से सैनिटाइज किया जाएगा। मंडी के वल्लभ कॉलेज में 400 विद्यार्थियों का सीटिंग प्लान तैयार किया गया है।
अन्य कॉलेजों में भी तैयारी है। स्नातक फाइनल ईयर के विद्यार्थी परीक्षा में बैठेंगे। सभी कॉलेजों में परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पूर्व विद्यार्थियों की थर्मल स्क्रीनिंग होगी। जब तक परीक्षा खत्म नहीं होगी तब तक मास्क लगाकर रखना होगा। अगर बीच में किसी का मास्क टूट जाता है या खराब होता है तो उसे मास्क मुहैया करवा दिया जाएगा।
वल्लभ कॉलेज में परीक्षा के लिए 40 शिक्षकों की तैनाती रहेगी। 20-20 की लाइनों में विद्यार्थी बैठेंगे। पेपर दो सेशनों में लिए जाएंगे। सुबह 9 से 12 बजे और 2 से 5 बजे तक चलेगा। वल्लभ कॉलेज मंडी के प्राचार्य राकेश शर्मा ने कहा कि एक जुलाई से दो सेशनों में सभी विषयों के फाइनल ईयर के पेपर लिए जाएंगे। इसके लिए पूरी तरह से पुख्ता प्रबंधन कर दिए गए हैं।