जिला के पधर में भूकंप के झटके के बाद घरों से बाहर निकले लोग।
- फोटो : अमर उजाला
पधर (मंडी)। जिला के पधर क्षेत्र में शनिवार देर शाम 7:55 पर भूंकप के झटके महसूस किए गए। भूकंप के झटके इतने तीव्र थे कि घरों के अंदर मौजूद लोग घरों से बाहर निकल गए। भूकंप के झटकों से लोग दहशत में हैं। भूकंप के झटकों की तीव्रता स्पष्ट नहीं हो पाई है।
हालांकि, जिला मुख्यालय में झटके महसूस नहीं किए गए हैं। धर्मशाला से कांग्रेस पार्टी के उपाध्यक्ष राहुल गांधी की रैली से लौट रहे आर्युवेद मंत्री कर्ण सिंह और उनकी पत्नी रेस्ट हाउस डलाह आईपीएच के रेस्ट हाउस में रुके हुए थे। भूकंप के झटके के बाद वह भी बाहर निकल आए। उनके साथ जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष लाभ सिंह कौशल, अनूसूचित जाति के पूर्व चैयरमैन चमन राही, द्रंग कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जोगिंद्र गुलेरिया सहित सहित पार्टी के डेढ़ सौ कार्यकर्ता कुछ देर के लिए रुके थे। भूकंप के पांच मिनट बाद भी स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह भी डलाह आईपीएच रेस्ट हाउस में पहुंचे।
उन्होंने गाड़ी में ही कार्यकर्ताओं से बातचीत की। भूकंप के दौरान एनएच के इर्द गिर्द सभी गाड़ियां रुक गईं। यात्री भूकंप के झटकों के चलते गाड़ियों से बाहर निकल गए। एसडीएम पधर आशीष शर्मा ने कहा कि शनिवार देर शाम 7:55 पर भूकंप का एक बड़ा झटका महसूस किया गया है। हालांकि, भूकंप से किसी भी तरह के नुकसान की खबर नहीं है। उधर, डीसी मंडी संदीप कदम ने कहा कि भूकंप के बारे में जानकारी नहीं मिली है।