मंडी। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (पीएम-किसान) के अंतर्गत पात्र किसानों को समय पर एवं सुचारु रूप से लाभ प्रदान करने के लिए जिला प्रशासन मंडी की ओर से सभी ग्राम पंचायतों में रविवार को ग्राम सभाएं आयोजित की गईं।
अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी मंडी डाॅ. मदन कुमार ने बताया कि ग्राम सभा का पहला आयोजन 25 मई को संपन्न हुआ। दूसरी ग्राम सभा 29 मई को आयोजित की जाएगी। इस दौरान किसानों की ई-केवाईसी, भूमि सीडिंग और बैंक खाते के साथ आधार सीडिंग का कार्य किया जा रहा है। जिन किसानों की किस्तें भूमि विवरण (लैंड सीडिंग या मैपिंग) के अभाव में रुकी हुई हैं, वे अपने भूमि दस्तावेजों के साथ प्रार्थना पत्र संबंधित पटवारी को सोमवार को आयोजित शिविर स्थल पर जमा करवा सकते हैं।
ई-केवाईसी प्रक्रिया अधूरी होने के कारण कई किसानों की किस्तें रुकी हुई थीं, उनकी ग्राम सभाओं में ई-केवाईसी पूर्ण करवाई गई। इसके अतिरिक्त, कई लाभार्थियों के बैंक खाते आधार से लिंक न होने के कारण भी उन्हें किस्त नहीं मिल पा रही है। ऐसे किसानों के लिए सोमवार को आयोजित शिविरों में बैंक खाते को आधार से सीड किया जाएगा। किसान लाभार्थियों से आग्रह किया कि वे शिविरों एवं ग्राम सभाओं में भाग लें तथा संबंधित दस्तावेज साथ लाएं, ताकि सभी औपचारिकताएं पूर्ण की जा सकें। संवाद