कीरतपुर-मनाली फोरलेन के तहत मंडी से कुल्लू के बीच यात्रियों को जल्द बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। सोमवार को एनएचएआई के बोर्ड सदस्य विपनेश शर्मा की मौजूदगी में डयोड व हणोगी टनल से यातायात का ट्रायल किया गया। इसके बाद पूर्व सीएम एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर भी यहां पहुंचे और उन्होंने भी टनलों का जायजा लिया। ट्रायल में सुरक्षा संबंधी कुछ कमियां सामने आई हैं। सुरक्षा मानकों को पूरा करने के बाद यातायात सुचारू कर दिया जाएगा। इसमें करीब दो से तीन दिन का समय लग सकता है।
निरीक्षण के दौरान टनल के भीतर और बाहर की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया गया। टनल से बाहर निकलने के बाद पुराने मार्ग से जुड़ने वाले स्थान का निरीक्षण किया गया। ताकि वाहनों को किसी तरह की परेशानी न हो और दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके। अधिकारी यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि सभी सुरक्षा मानक पूरे होने के बाद ही टनल को वाहनों की आवाजाही के लिए खोला जाए।
डयोड टनल के यातायात के लिए खुलने के बाद मंडी से कुल्लू तक का सफर काफी हद तक सुगम होने की उम्मीद है। वर्तमान में जोगणी माता मंदिर के समीप अकसर जाम की स्थिति बनी रहती है। इसके अलावा पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण कई बार पुराने मार्ग पर यातायात बाधित हो जाता है। टनल के सुचारू होने से यात्रियों को जाम और बार-बार होने वाले अवरोध से राहत मिलेगी। मंडी से कुल्लू के बीच करीब 15 से 20 मिनट सफर कम हो जाएगा। प्रारंभिक चरण में वाहनों की आवाजाही एक ही टनल से करवाई जाएगी।
उधर, एनएचएआई के बोर्ड सदस्य विपनेश शर्मा ने कहा कि सामरिक दृष्टि से यह महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट है। अभी यहां जायजा लेने के बाद कुछ सुरक्षा मानकों को पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। इस मौके पर द्रंग विधायक पूर्ण चंद ठाकुर, एनएचएआई के आरओ कर्नल अजय सिंह बरगोती, प्रोजेक्ट डायरेक्टर वरूण चारी व अन्य मौजूद रहे।