जोगिंद्रनगर रेलवे ट्रैक और स्टेशन में मौजूद सुविधाओं व संसाधनों का जायजा लेने पहुंचे उत्तर रेलव
जोगिंद्रनगर (मंडी)। पठानकोट-जोगिंद्रनगर हेरिटेज रेलवे ट्रैक की पटरियों में अनियमितताओं मिलने पर उत्तर रेलवे के डीआरएम संजय साहू ने तकनीकी कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाई। इसके साथ ही कर्मचारियों को 15 दिनों के भीतर खामियों को दूर कर व्यवस्था सुधारने के भी आदेश दिए। डीआरएम शनिवार को जोगिंद्रनगर में रेलवे ट्रैक सहित अन्य व्यवस्थाओं को निरीक्षण करने पहुंचे थे।
निरीक्षण के दौरान जोगिंद्रनगर में रेलवे ट्रैक में रेलगाड़ियों की क्रॉसिंग और रेलगाड़ियों की मरम्मत के लिए चिह्नित स्थानों पर कई खामियां पाई गईं। खामियों के कारण हादसे की आशंका को देखते हुए डीआरएम ने मौके पर मौजूद तकनीकी कर्मचारियों से तीखे सवाल किए। रेलवे स्टेशन में रेलगाड़ियों के ठहराव और शंटिंग पटरियों की भी व्यवस्था जांची। मगर यहां भी व्यवस्था मापदंडों के अनुरूप नहीं पाई गई। निरीक्षण के दौरान रेल पटरियों को जोड़ने वाले जब नट गायब मिले तो डीआरएम ने मौके पर ही इसे दुरुस्त करवाया। वहीं, स्टेशन परिसर में फैली अव्यवस्था पर भी रेलवे विभाग के अधिकारियों से जवाब तलब किया।
स्टेशन में अधिकृत पार्किंग के मनमाने दामों पर भी डीआरएम ने जवाब तलब किया और पार्किंग में मौजूद वाहनों के शुल्क को जांच कर पार्किंग के ठेकेदार को भी निर्धारित दाम पर शुल्क लेने की हिदायत दी। उन्होंने स्टेशन पर रेलवे पुलिस को पैट्रोलिंग करने के भी निर्देश दिए। इसके अलावा रेलवे स्टेशन में सुरक्षा के प्रबंधों को चुस्त दुरुस्त करने को लेकर रेलवे के संबंधित विभाग को योजना का प्रारूप तैयार कर 15 दिन के भीतर रिपोर्ट फिरोजपुर स्थित कार्यालय में उपलब्ध करवाने के भी निर्देश जारी किए।
ट्रैक को ब्रॉडगेज करने पर फिर होगा मंथन
डीआरएम संजय साहू ने पठानकोट-जोगिंद्रनगर नैरोगेज रेलवे ट्रैक को ब्रॉडगेज करने की योजना पर फिर से मंथन करने का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि रेलवे को 164 किलोमीटर रेलवे ट्रैक को ब्रॉडगेज करने के लिए कई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। इस प्रोजेक्ट को धरातल में उतारने के लिए रेलवे विभाग के तकनीकी कर्मचारियों से रिपोर्ट हासिल करने के बाद आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।