अचानक बदले मौसम के बीच फिर निकाले गर्म कपड़े
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। छोटी काशी मंडी में रविवार सुबह बादल छाए रहे और हल्की धूप निकलती रही। दोपहर करीब पौने दो बजे बिजली और मेघ गर्जना के साथ बारिश शुरू हुई। काले बादलों से दिन में ही अंधेरा हो गया।
बादल और बारिश से ठंड बढ़ गई, लोग स्वेटर और जैकेट पहनने लगे। शाम तक बारिश और गर्जना जारी रही। तीन बजे बारिश तेज होने पर लोग छाते लेकर अपने गंतव्य की ओर चले। मैदानी और ऊपरी पहाड़ी इलाकों में हल्की बर्फबारी भी हुई।
किसानों और बागवानों के लिए यह बारिश संजीवनी साबित हुई, क्योंकि लंबे समय से बारिश न होने से फसलों पर खतरा था। तेज हवा से मुख्य डाकघर के पास होर्डिंग गिर गई। पड्डल मैदान में खरीदारी करने आई भीड़ को बारिश से थोड़ी परेशानी हुई। मौसम के कारण तापमान गिर गया।