जोगिंद्रनगर में अंडर 14 कन्या जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के शुभारंभ मौके पर खिलाड़ी। स्त्रो
जोगिंद्रनगर (मंडी)। राजकीय आदर्श कन्या पाठशाला जोगिंद्रनगर में अंडर-14 छात्रा वर्ग की जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ शनिवार को कांग्रेस नेता जीवन ठाकुर ने किया। इसमें मंडी जिले के 25 जोन के लगभग एक हजार खिलाड़ियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। शिक्षा खंड की टीमों ने शानदार मार्चपास्ट निकाला। पहले दिन की आयोजित खेलों में प्रतिभागी खिलाड़ियों ने कबड्डी, खो-खो, वॉलीबाल, कुश्ती और वुशू में दमखम दिखाया। शुभारंभ अवसर पर स्कूल की छात्राओं ने पारंपरिक नाटी और सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए।
खो-खो के रोचक मुकाबलों में द्रंग द्वितीय ने शिक्षा खंड चच्योट प्रथम को हराया। धर्मपुर द्वितीय ने चच्योट द्वितीय और करसोग प्रथम ने चौंतड़ा द्वितीय को हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। वॉलीबाल प्रतियोगिता में ओट जोन के खिलाड़ियों ने सराज को हराया। रिवालसर ने सलवाण जोन को मात दी। धर्मपुर ने सदर मंडी को हराया। चौंतड़ा द्वितीय जोन ने सुंदरनगर को मात दी। कबड्डी प्रतियोगिता में चच्योट जोन ने ओट और धर्मपुर प्रथम ने साईगलू जोन को हराया।
खेलों के मुख्य आयोजक कन्या पाठशाला के प्रधानाचार्य मनोज चौहान ने कहा कि मंडी जिले के 25 जोन के लगभग एक हजार प्रतिभागी खिलाड़ियों के भोजन, ठहरने के अलावा पीने के पानी और शौचालय की पुख्ता व्यवस्था स्कूल प्रबंधन की ओर से की गई है। सोमवार को जिला स्तरीय खेलों का समापन उच्च शिक्षा विभाग के उपनिदेशक यशवीर धीमान करेंगे। इस मौके पर स्कूल प्रबंधन समिति की अध्यक्ष सवित्री देवी आदि मौजूद रहे।
000