जोगिंद्रनगर सरकाघाट सड़क पर रेलवे स्टेशन चौक में हुआ जल भराव और यहां पर गुजरते वाहन व राहगीर। सं
- फोटो : samvad
जोगिंद्रनगर (मंडी)। सरकाघाट-जोगिंद्रनगर सड़क पर बारिश के पानी से उत्पन्न जलभराव की स्थिति से निपटने में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के दावे विफल साबित हो रहे हैं। बस स्टैंड के पास और रेलवे स्टेशन चौक पर बीते पांच वर्षों से स्थानीय कारोबारी और राहगीर बारिश के पानी और गंदगी से फैली अव्यवस्था का दंश झेलने को मजबूर हैं। हाल ही में हुई मूसलाधार बारिश के कारण रेलवे स्टेशन चौक पर स्थिति इतनी विकराल हो गई कि वाहनों की रफ्तार थम गई। दोपहिया वाहन पानी के बीच गुजरते नजर आए और पैदल यात्रियों को जोखिम में डालकर गुजरना पड़ा।
करीब दो माह पहले लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने स्वयं जोगिंद्रनगर-सरकाघाट सड़क के इस बदहाल खंड का निरीक्षण किया था लेकिन इसके बावजूद रेलवे क्रॉसिंग तक लगभग 300 मीटर सड़क आज भी गड्ढों और कीचड़ से लबालब है। इसके अलावा मंदिर रोड की टारिंग उखड़ जाने से पत्थरों और कीचड़ के कारण पैदल चलने वालों और वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा लगातार बना हुआ है।
शुष्क मौसम में खस्ताहाल सड़क से उड़ती धूल स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं पैदा कर रही है। इससे स्थानीय कारोबारियों का व्यापार भी प्रभावित हो रहा है। स्थानीय कारोबारी अनूप कुमार, रूपेश, अश्वनी आदि ने बताया कि शहरी क्षेत्र की दोनों सड़कों की बदहाल स्थिति से कारोबार भी चौपट हो रहा है।
लोक निर्माण विभाग सर्किल जोगिंद्रनगर के अधीक्षण अभियंता राजीव कुमार ने बताया कि सरकाघाट सड़क पर नई नालियों का निर्माण किया गया है। पुरानी बंद निकासी नालियों को जल्द बहाल कर समस्या का स्थायी समाधान कर दिया जाएगा।
बस स्टैंड और पठानकोट चौक से बहने वाले बारिश के पानी से कारोबारियों को परेशानी हो रही है। लोक निर्माण विभाग समस्या का समाधान कर लोगों को राहत प्रदान करे। -संजय बंटा, कारोबारी जोगिंद्रनगर
सड़क बदहाल होने से लोगों को पैदल गुजरना मुश्किल हो गया है। प्रशासन और विभाग को इस पर प्राथमिकता के साथ कार्य करवाना चाहिए। -नरेश कुमार, कारोबारी जोगिंद्रनगर