द्रंग (मंडी)। स्वास्थ्य खंड पधर में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुशील ठाकुर के जज्बे को हर कोई सलाम कर रहा है। अब तक पांच हजार के करीब लोगों के कोरोना सैंपल ले चुके हैं। इस दौरान वह खुद संक्रमण की चपेट में आ गए।
अब स्वस्थ होते ही डॉ. सुशील ठाकुर जनसेवा के लिए मैदान में उतर गए हैं। दस मई को कधार पंचायत के सरी गांव में वृद्ध महिला की कोरोना से मौत हो जाने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम सैंपल लेने गांव पहुंची थी। डॉ. सुशील ठाकुर ने 130 से भी अधिक लोगों के सैंपल लिए। इसके बाद तेज बुखार आने पर जब उन्होंने अपनी जांच करवाई तो वह पॉजिटिव पाए गए। 17 दिन होम आइसोलेशन की अवधि पूरी होते ही डॉ. सुशील ने सोमवार को फिर से अपना कार्यभार संभाल लिया।
ड्यूटी ज्वाइन करते ही सोमवार को डॉ. सुशील ने जोगिंद्रनगर के बस्सी में साठ और पधर में तीस कोरोना सैंपल लिए। इससे पहले डॉ. सुशील चार बार (डीसीसी) कोविड केयर सेंटर में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। डॉ. सुुशील के जज्बे को क्षेत्र की पंचायतों के जनप्रतिनिधि भी सलाम कर रहे हैं। जिला परिषद सदस्य रविकांत, पंचायत समिति चेयरपर्सन शीला ठाकुर और वायस चेयरमैन कृष्ण भोज ने उनकी सेवाओं की सराहना की है।
000