मंडी। सरदार पटेल विश्वविद्यालय (एसपीयू) मंडी से पहली बार संकाय आदान-प्रदान कार्यक्रम के तहत इतिहास विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार शर्मा 6 से 12 जनवरी तक सरदार पटेल विश्वविद्यालय वल्लभ विद्यानगर गुजरात के प्रवास पर जाएंगे। यह कार्यक्रम दोनों विश्वविद्यालयों के बीच हुए समझौता ज्ञापन (एमओयू) के तहत आयोजित किया जा रहा है।
विश्वविद्यालय के कुलपति आचार्य ललित कुमार अवस्थी ने बताया कि सरदार पटेल विश्वविद्यालय वल्लभ विद्यानगर के साथ शैक्षणिक एवं शोध सहयोग को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से संकाय आदान-प्रदान कार्यक्रम की यह प्रथम पहल है। इससे शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर पर अकादमिक अनुभव साझा करने का अवसर मिलेगा। डॉ. राकेश कुमार शर्मा ने इसे विश्वविद्यालय के लिए गौरव का विषय बताया। प्रवास के दौरान वह स्नातकोत्तर कक्षाओं में अध्यापन करेंगे, शोधार्थियों के साथ अकादमिक चर्चा करेंगे तथा इतिहास विभाग की कार्यप्रणाली को निकट से समझेंगे। संवाद