धर्मपुर/बलद्वाड़ा (मंडी) । खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने वीरवार को धर्मपुर बाजार में दबिश दी। इस दौरान तीन ढाबों से घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए। इसके अलावा विभिन्न दुकानों में विभागीय टीम ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई दुकानदारों को पॉलीथिन बैग का प्रयोग करते हुए पकड़ा। पॉलीथिन का प्रयोग करने वाले दुकानदारों को मौके पर ही तीन हजार रुपये जुर्माना किया। विभाग की इस कार्रवाई से कारोबारियों में हड़कंप मच गया।
उधर, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के निरीक्षक पंकज शर्मा ने धर्मपुर में छापामारी कर तीन ढाबों से घरेलू सिलेंडर जब्त किए। उन्होंने कहा कि कई व्यापारियों को चेतावनी दी है कि वह अपनी दुकानों में रेट लिस्ट लगाएं। इसके बावजूद कोई निर्देशों का पालन नहीं करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। वहीं, सरकाघाट उपमंडल के बलद्वाड़ा और समैला कस्बों में भी खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई दुकानों में रेट लिस्टें नहीं मिलीं। विभागीय टीम ने सभी कारोबारियों को चेतावनी देकर छोड़ दिया और भविष्य में दुकानों में रेट लिस्ट लगाने के निर्देश दिए। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के निरीक्षक अनीश कुमार ने कहा कि बार-बार शिकायतें आने के बाद उपरोक्त कार्रवाई अमल में लाई गई है।