ग्रामीणों ने समस्या का समाधान न होने पर जताया रोष.............
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। क्षेत्र के निचला गरोड़ू पंचायत के बालकरूपी गांव में कुत्ते की दहशत से लोग सहम उठे हैं। बीते 10 दिन में 12 लोग कुत्ते के काटने से लहूलुहान हुए हैं। प्राचीन मंदिर के समीप हर रोज कुत्ते का शिकार राहगीर भी हो रहे हैं। कुत्ते को पकड़ने को लेकर विभागीय उदासीनता से ग्रामीणों में रोष है।
शुक्रवार को बालकरूपी निवासी दिनेश सूद सुबह जब मंदिर में शीश नवाने जा रहे थे तभी कुत्ते ने हमला कर दिया। चीखने चिल्लाने पर लोगों की भीड़ एकत्रित हुई तब जाकर कुत्ते के चंगुल से दिनेश सूद बच पाए। यहीं पर अखिल शर्मा भी बीते दिनों कुत्ते के हमले में घायल हुए थे। बालकरूपी निवासी प्रदीप शर्मा, अनूप सूद, अक्षय ने बताया कि वार्ड पार्षद ललित जम्वाल पर भी कुत्ते ने हमला किया था।
निचला गरोड़ू पंचायत के प्रधान संतोष सोनी ने कहा कि बालकरूपी में कुत्ते के हमले से ग्रामीण घायल हो रहे हैं। समस्या के समाधान को लेकर पशुपालन विभाग और स्थानीय प्रशासन से सहायता की गुहार लगाई है। एसडीएम जोगिंद्रनगर मनीश चौधरी ने कहा कि कुत्तों की दहशत की जानकारी ध्यान में लाई गई है। संबंधित विभाग से इस समस्या के समाधान को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा रहे हैं। संवाद