ट्रक चालक पर लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप, डैहर के अलसू चौक पर हुई घटना
दिल्ली नंबर की कार में सवार थे पर्यटक
पुलिस ने दोनों पक्षों को चौकी बुलाकर कराया समझौता
संवाद न्यूज एजेंसी
सुंदरनगर (मंडी)। उपमंडल के डैहर स्थित अलसू चौक पर शनिवार शाम लापरवाही से वाहन चलाने को लेकर दिल्ली नंबर की कार में सवार पर्यटकों और एक ट्रक चालक के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि गुस्साए पर्यटकों ने ट्रक का पीछा कर उसे सड़क पर रोक लिया और उसका शीशा तोड़ दिया। बाद में पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच समझौता होने के बाद मामला शांत हो गया। पुलिस के अनुसार घटना शनिवार शाम करीब सात बजे की है। विवाद बढ़ने पर ट्रक चालक ने खुद को सुरक्षित रखने के लिए वाहन के दरवाजे अंदर से बंद कर लिए। इसी दौरान सड़क से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों और राहगीरों ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को शांत कराया और डैहर पुलिस चौकी को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को चौकी ले गई। पुलिस के समक्ष हुई बातचीत के दौरान पर्यटकों ने ट्रक को हुए नुकसान की भरपाई कर दी। इसके बाद दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से विवाद समाप्त कर दिया। डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया है।